श्रीनगर/जम्मू: बाबा बर्फानी की पवित्र अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होने जा रही है। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी इस यात्रा से पहले जम्मू-कश्मीर सरकार ने बड़ा और अहम फैसला लिया है। सरकार ने स्पष्ट आदेश जारी किया है कि अमरनाथ यात्रा से जुड़ी किसी भी जानकारी या मीडिया ब्रीफिंग का अधिकार केवल अधिकृत अधिकारियों को ही होगा।
30 जून 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू किए गए सर्कुलर के अनुसार, यात्रा से जुड़ी आधिकारिक जानकारी अब केवल नामित अधिकारी ही साझा करेंगे।
सरकार का कहना है कि यह कदम फर्जी, भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं पर रोक लगाने तथा श्रद्धालुओं तक केवल प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
"भूखे को अन्न, प्यासे को पानी... जय-जय बाबा बर्फानी!" के जयघोष के साथ 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ होगा। देश के कोने-कोने से श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर पहुंचने लगे हैं। श्रीनगर के पंथा चौक ट्रांजिट कैंप में यात्रियों की लगातार आमद जारी है।
यहीं से श्रद्धालुओं को पहलगाम और बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना किया जाएगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।
श्रद्धालुओं ने प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों की सराहना करते हुए कहा कि इस बार सुविधाएं पहले से अधिक बेहतर हैं।
अमरनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। पूरे यात्रा मार्ग पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगमता से बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकें।
आस्था, सुरक्षा और व्यवस्था—इन तीनों के मजबूत समन्वय के साथ अमरनाथ यात्रा-2026 का शुभारंभ होने जा रहा है, जबकि सरकार का नया आदेश यह सुनिश्चित करेगा कि यात्रा से जुड़ी हर जानकारी केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से ही लोगों तक पहुंचे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.