जयपुर : में हेरिटेज नगर निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक सराहनीय पहल की गई है। "अमृत मित्र पहल योजना" के तहत "महिलाएं वृक्षों के लिए" अभियान की शुरुआत करते हुए महिला स्वयंसेवी समूहों ने पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया है। यह अभियान 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस से सात चिन्हित स्थानों पर प्रारंभ किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन रोटरी सर्किल स्थित अंबेडकर सामुदायिक भवन में किया गया। इसमें अमृत योजना की नोडल अधिकारी अंजलि सिंह, डे एनयूएलएम उपायुक्त सीमा चौधरी, और विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं शामिल हुईं।
नोडल अधिकारी अंजलि सिंह ने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत महिलाओं को पौधरोपण से लेकर उनकी देखभाल तक की जिम्मेदारी दी जाएगी। इन महिलाओं को एक-एक पौधे को बड़ा करने तक उसका संरक्षण सुनिश्चित करना होगा। साथ ही सभी प्रतिभागियों को पौधारोपण किट भी प्रदान की गई।
डे एनयूएलएम उपायुक्त सीमा चौधरी ने बताया कि हेरिटेज निगम क्षेत्र में जिन सात स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा, वे निम्नलिखित हैं:
रोटरी सर्किल स्थित अंबेडकर सामुदायिक भवन
आगरा रोड स्थित ग्रीन वैली
आमेर रोड स्थित ग्रीन वैली
दिल्ली रोड पर ग्रीन वैली
जयसिंहपुरा खोर
ब्रह्मपुरी स्थित एसटीपी प्लांट
सरस्वती कुंड स्कूल परिसर
इन स्थानों पर स्वयंसेवी महिलाएं निरीक्षण कर पहले से तैयारी में जुट चुकी हैं।
इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं है, बल्कि हर पौधे की जिम्मेदारी एक महिला को देना है। ये महिलाएं अगले दो वर्षों तक इन पौधों की देखभाल करेंगी, जिससे पर्यावरणीय स्थायित्व और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।
जयपुर हेरिटेज नगर निगम की यह पहल न केवल महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक ठोस कदम है। "महिलाएं वृक्षों के लिए" जैसा अभियान आने वाले समय में जयपुर को एक हरित और स्वच्छ शहर बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.