जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान उस समय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं, जब राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए) के स्वर्ण जयंती समारोह में पंडाल के ऊपर एक ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई दिया। जिस स्थान पर ड्रोन उड़ाया गया, वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रताप राव जाधव का संबोधन प्रस्तावित था।
ड्रोन नजर आते ही सीएम सिक्योरिटी ने तत्काल स्थिति को गंभीर मानते हुए पुलिस को सक्रिय किया। सुरक्षा कारणों से ड्रोन को तुरंत नीचे उतरवाया गया और इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई।
जयपुर स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान परिसर में सोमवार को एनआईए की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बड़ी संख्या में विद्यार्थी, चिकित्सक, शोधकर्ता और आयुर्वेद प्रेमी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों की ओर से पंडाल में ड्रोन उड़ाया गया था, लेकिन चूंकि यह वीवीआईपी मूवमेंट वाला क्षेत्र था, इसलिए सुरक्षा एजेंसियों ने बिना देरी किए कार्रवाई की।
इससे पहले केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव ने गलताजी स्थित हर्बल गार्डन में धन्वंतरि उपवन का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आरोग्य वाटिका में पौधारोपण भी किया।
उन्होंने कहा कि नए भारत में आयुर्वेद के प्रति लोगों का भरोसा तेजी से बढ़ा है। केंद्रीय बजट में आयुष विभाग के बजट में 10 से 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिससे आयुष प्रणाली को और मजबूती मिली है।
स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान एनआईए परिसर में एडवांस्ड सिमुलेशन लेबोरेट्री का उद्घाटन किया गया। साथ ही एनआईए पॉडकास्ट स्टूडियो की भी शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नई ओपीडी भवन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन आधुनिक सुविधाओं से आयुर्वेद चिकित्सा, शोध और प्रशिक्षण को नई दिशा मिलेगी और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
समारोह में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधायक बालमुकुंद आचार्य, पद्मश्री वैद्य राजेश कोटेचा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। वक्ताओं ने आयुर्वेद की वैश्विक पहचान, आधुनिक तकनीक के साथ इसके समन्वय और भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी वाले कार्यक्रम में ड्रोन उड़ने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की संवेदनशीलता को उजागर कर दिया। हालांकि समय रहते पुलिस की तत्परता से किसी भी संभावित खतरे को टाल दिया गया। वहीं एनआईए का स्वर्ण जयंती समारोह आयुर्वेद के भविष्य और आधुनिक स्वास्थ्य प्रणाली में उसकी बढ़ती भूमिका का सशक्त संदेश देता नजर आया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.