जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर में एक रैपिडो बाइक ड्राइवर द्वारा 27 वर्षीय युवती से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपी ने युवती को धमकाया और सुनसान इलाके में ले गया। हालांकि, पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों के पहुंचने से आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, युवती ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसने गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे घर से ऑफिस जाने के लिए Rapido ऐप के जरिए बाइक बुक की थी। बाइक राइडर उसे लेने पहुंचा और निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना हुआ।
कुछ दूरी चलने के बाद आरोपी ड्राइवर ने तय रूट से हटकर बाइक को दूसरे रास्ते पर मोड़ दिया। युवती ने जब इसका विरोध किया तो उसने धमकाना शुरू कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी उसे एक गांव के सुनसान इलाके की ओर ले गया और वहां उसके साथ छेड़छाड़ की। युवती ने बाइक रुकवाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी बार-बार धमकी देता रहा।
रास्ते में एक कंपनी के कुछ कर्मचारी दिखाई देने पर युवती ने हिम्मत जुटाकर जोर-जोर से शोर मचाया। आवाज सुनकर लोग इकट्ठा होने लगे। भीड़ को अपनी ओर आते देख आरोपी रैपिडो ड्राइवर युवती को वहीं उतारकर बाइक लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद युवती ने संबंधित थाने में आरोपी ड्राइवर के खिलाफ छेड़छाड़ और धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने बताया कि ऐप के जरिए बुकिंग डिटेल्स के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसकी तलाश जारी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने कंपनी से भी ड्राइवर की जानकारी मांगी है। साथ ही, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
जयपुर में हुई इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन बाइक और कैब सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि युवती की सूझबूझ और समय पर शोर मचाने से बड़ी वारदात टल गई, लेकिन यह मामला महिलाओं की सुरक्षा के प्रति गंभीर चिंता का संकेत देता है। पुलिस जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.