जयपुर/धौलपुर। धौलपुर पुलिस ने मानवता और तत्परता का उदाहरण पेश करते हुए एक वृद्ध महिला का खोया हुआ बैग मात्र एक घंटे में बरामद कर सुरक्षित लौटा दिया। बैग में एक लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल और कपड़े रखे हुए थे।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। साइबर सेल प्रभारी नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से बैग को ढूंढ निकाला।
जानकारी के अनुसार, 20 फरवरी को गुजरात में मजदूरी कर रही वृद्ध महिला शांति पत्नी गिर्राज सिंह, निवासी मसूदपुर थाना सदर धौलपुर, सुबह 6 बजे धौलपुर रोडवेज बस स्टैंड से ऑटो द्वारा अपने गांव लौट रही थीं।
महिला ने अपना बैग ऑटो की सीट के पीछे रखा था। गांव पहुंचने पर जब बैग नहीं मिला तो पता चला कि सीट के पीछे का पर्दा फटा हुआ था और बैग गिर चुका था। परिजनों के साथ काफी तलाश के बावजूद शाम तक बैग नहीं मिला।
अगली सुबह महिला अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर साइबर सेल टीम तुरंत सक्रिय हुई।
तकनीकी विश्लेषण और क्षेत्र में खोजबीन के दौरान सैंपल रोड स्थित एक नाले में बैग मिला। पुलिस टीम ने मौके पर बैग की जांच की, जिसमें पूरे 1 लाख रुपए, सोने की बारी, चांदी की बिछिया व पायल और मोबाइल सुरक्षित पाए गए।
पुलिस टीम ने बैग महिला और उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पूरी कार्रवाई महज एक घंटे में पूरी कर ली गई।
इस सफल अभियान में कानि. हरवेंदर सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस मानवीय पहल से क्षेत्र में आमजन का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
धौलपुर पुलिस की यह कार्रवाई न केवल पेशेवर दक्षता का उदाहरण है, बल्कि आमजन के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। एक घंटे में लाखों की संपत्ति सुरक्षित लौटाकर पुलिस ने यह साबित कर दिया कि सतर्कता और तत्परता से हर समस्या का समाधान संभव है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.