देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सऊदी अरब में नौकरी करने गए एक युवक की पत्नी अपने ही मुंहबोले भांजे के साथ फरार हो गई। आरोप है कि महिला घर से करीब 10 लाख रुपये के जेवर और नकदी भी साथ ले गई, जबकि अपनी 3 साल की मासूम बेटी को घर पर अकेला छोड़ गई।
यह घटना 24 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। पीड़ित पति मन्नू गुप्ता (31) को पत्नी के घर से गायब होने की जानकारी उसके भाई ने फोन पर दी। सूचना मिलते ही मन्नू 29 दिसंबर को सऊदी अरब से भारत लौटा। बेटी को देखकर वह फूट-फूटकर रो पड़ा। इसके बाद उसने पत्नी पूजा देवी और उसके प्रेमी चंदन गुप्ता के खिलाफ बनकटा थाने में मामला दर्ज कराया।
मामला बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर गांव का है। मन्नू गुप्ता की शादी करीब चार साल पहले पूजा देवी से हुई थी। दोनों की एक तीन साल की बेटी है। मन्नू सऊदी अरब की एक कंपनी में मैकेनिक के तौर पर काम करता है और नियमित रूप से पत्नी को खर्च के लिए पैसे भेजता था।
मन्नू का आरोप है कि उसकी पत्नी पिछले दो साल से अपने मुंहबोले भांजे चंदन गुप्ता के साथ प्रेम संबंध में थी। चंदन उसी गांव में, पूजा के घर से महज 150 मीटर की दूरी पर रहता है और उसे मामी कहकर बुलाता था।
पीड़ित पति के अनुसार, परिवार के लोगों ने दोनों को पहले भी कई बार साथ घूमते हुए देखा और समझाया। एक बार मन्नू के बड़े भाई ने उन्हें आपत्तिजनक हालत में भी पकड़ लिया, लेकिन सामाजिक बदनामी के डर से मामला दबा दिया गया।
मन्नू ने बताया,
“मैंने बेटी के भविष्य के लिए करीब 10 लाख रुपये जमा कर रखे थे। पत्नी घर से भागते समय वह रकम और सारे जेवर भी ले गई। मैंने बहुत मिन्नतें कीं, लेकिन उसने एक बार भी बेटी के बारे में नहीं सोचा।”
पत्नी के जाने के बाद घर में सिर्फ 3 साल की बच्ची रह गई, जो लगातार रो रही है और बार-बार पूछ रही है – “मम्मी कहां है?”
मन्नू ने बताया कि घर का माहौल ठीक नहीं होने के कारण फिलहाल बच्ची को रिश्तेदारों के यहां भेज दिया गया है। गांववालों का कहना है कि इस तरह मासूम बच्ची को छोड़कर जाना अमानवीय है।
पूजा देवी का मायका सिसवनिया गांव में है, जो ससुराल से करीब 16 किलोमीटर दूर है। महिला के भाई का कहना है कि वे भी पूजा की तलाश कर रहे हैं, लेकिन उसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
बनकटा थाना प्रभारी विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि विवाहिता की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। महिला और उसके साथ गए युवक की तलाश की जा रही है। महिला की बरामदगी के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी, इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला न केवल पारिवारिक विश्वास के टूटने की कहानी है, बल्कि एक मासूम बच्ची के भविष्य पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह प्रेम प्रसंग है या इसके पीछे कोई और साजिश, लेकिन फिलहाल एक पिता और उसकी बेटी इस दर्दनाक सच से जूझ रहे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.