शूटिंग जयपुर के परकोटा क्षेत्र के हांडीपुरा इलाके में की जा रही है। यहां शो की टीम ने स्थानीय पतंग बाजारों में पतंगों की खरीदारी करते हुए कई दृश्य फिल्माए। जयपुर की गलियों और बाजारों में शूटिंग की खबर फैलते ही लोगों में उत्साह देखने को मिला।
शूटिंग के दौरान पत्रकार पोपटलाल का किरदार निभाने वाले अभिनेता श्याम पाठक बच्चों की टोली के साथ जगन्नाथ शाह के रास्ते स्थित पतंगवालों के मोहल्ले में नजर आए। पतंगों की दुकानों पर उनके साथ कई सीन शूट किए गए।
जैसे ही स्थानीय लोगों को टीवी शो की शूटिंग की जानकारी मिली, मौके पर भारी भीड़ जुट गई। लोग अपने चहेते कलाकारों की एक झलक पाने के लिए दुकानों के बाहर जमा हो गए।
एक सीन की शूटिंग पूरी होने के बाद जब श्याम पाठक दुकान से बाहर निकले, तो वे अचानक भीड़ के बीच घिर गए। स्थिति को देखते हुए शो की सिक्योरिटी टीम और बाउंसर्स को तुरंत सक्रिय होना पड़ा। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
इस दौरान आसपास मौजूद लोग लगातार फोटो और वीडियो बनाते नजर आए। देखते ही देखते पूरा इलाका किसी मेले जैसा माहौल बन गया और दुकान के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए।
शो के क्रिएटर असित कुमार मोदी भी जयपुर में मौजूद हैं और परकोटा क्षेत्र में शो के अहम दृश्य खुद मॉनिटर कर रहे हैं। मकर संक्रांति के विशेष एपिसोड में गोकुलधाम सोसायटी के सभी सदस्य पतंगबाजी करते नजर आएंगे।
हर साल की तरह इस बार भी शो में पतंगबाजी का कॉन्सेप्ट रखा गया है, लेकिन इस बार खास बात यह है कि जयपुर की पारंपरिक पतंगबाजी, छतों का नजारा और शहर की लोक संस्कृति को कहानी में शामिल किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, शो के मेकर्स जयपुर की गलियों, छतों, बाजारों और यहां की सांस्कृतिक पहचान को एपिसोड का अहम हिस्सा बना रहे हैं। आने वाले एपिसोड न केवल दर्शकों का मनोरंजन करेंगे, बल्कि जयपुर की पतंगबाजी और मकर संक्रांति की परंपरा को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाएंगे।
‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ का जयपुर शूट न केवल शो के दर्शकों के लिए खास होने वाला है, बल्कि इससे जयपुर की संस्कृति, पतंगबाजी और मकर संक्रांति की रंगीन परंपरा को भी राष्ट्रीय मंच मिलेगा। पोपटलाल और गोकुलधाम सोसायटी के साथ जयपुर की गलियों का यह संगम दर्शकों के लिए यादगार बनने वाला है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.