आगरा: में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। खंदारी चौराहे के पास मेट्रो के लिए बनाए जा रहे पुल से एक भारी लकड़ी का स्लीपर नीचे गुजर रही कार पर गिर गया। स्लीपर कार के फ्रंट शीशे को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा और चालक के सिर के बेहद पास से निकल गया। इस हादसे में कार चालक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना सिकंदरा मेट्रो कॉरिडोर के तहत चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुई। जानकारी के मुताबिक, आईएसबीटी के पास सर्विस रोड से एक कार गुजर रही थी। इसी दौरान ऊपर मेट्रो ब्रिज पर निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक ऊपर से भारी लकड़ी का स्लीपर नीचे गिरा, जो सीधे चलती कार पर आ गिरा।
स्लीपर इतना बड़ा और भारी था कि उसने कार का फ्रंट शीशा पूरी तरह तोड़ दिया और अंदर जा धंसा। अचानक हुए इस हादसे से कार चालक घबरा गया। स्लीपर का एक हिस्सा चालक के हाथ पर लगा, जिससे उसे चोट आई। चालक ने तुरंत कार रोक दी। कुछ समय तक उसे समझ ही नहीं आया कि आखिर उसके साथ क्या हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्लीपर नुकीला था और चालक के सिर से महज कुछ इंच की दूरी पर निकल गया। लोगों का कहना है कि अगर स्लीपर 5–6 इंच और अंदर गिरता, तो सीधे चालक के सिर पर लगता और हादसा जानलेवा हो सकता था। गनीमत रही कि चालक बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने मेट्रो निर्माण एजेंसी की लापरवाही पर नाराजगी जताई और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन की मांग की।
मेट्रो प्रशासन की ओर से बताया गया कि ऊपर से लकड़ी का स्लीपर गिरा था, जिससे कार का शीशा टूटा और चालक को चोट आई है। मामले की जांच की जा रही है और संबंधित ठेकेदार से रिपोर्ट मांगी गई है।
आगरा मेट्रो निर्माण के दौरान हुआ यह हादसा सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी को उजागर करता है। कुछ इंच की दूरी ने एक बड़ा हादसा होने से बचा लिया, लेकिन इस घटना ने निर्माण कार्यों में आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में ऐसे हादसे जानलेवा साबित हो सकते हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.