जयपुर। राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने राज्यहित में बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के बड़े पैमाने पर स्थानांतरण और पदस्थापन आदेश जारी किए हैं। जयपुर से जारी सरकारी आदेश के अनुसार राज्य में तुरंत प्रभाव से कुल 17 अनुभवी आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।
सरकार की नई सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों में बदलाव किए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश के आधा दर्जन से अधिक जिलों के पुलिस कप्तानों को भी बदला गया है। कार्मिक विभाग की संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह के हस्ताक्षरों से जारी आदेश के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है।
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत दौसा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, टोंक, भरतपुर और डीडवाना-कुचामन जैसे महत्वपूर्ण जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति की गई है।
दौसा जिले में तैनात एसपी सागर (2019 बैच) का तबादला कर उन्हें भीलवाड़ा जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में एसपी पद पर कार्यरत पीयूष दीक्षित (2016 बैच) को दौसा जिले की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा भीलवाड़ा के वर्तमान एसपी धर्मेन्द्र सिंह (2014 बैच) को वहां से स्थानांतरित कर चित्तौड़गढ़ जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। नए अधिकारियों के पदभार संभालने के बाद संबंधित जिलों की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.