जयपुरवासियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। अब शहर में एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए महंगे कैब किराए से राहत मिलने वाली है। सहकारिता विभाग की ओर से देश की पहली सरकारी कैब सेवा “भारत टैक्सी” की शुरुआत जयपुर में होने जा रही है। इसका ट्रायल जून के पहले सप्ताह में शुरू किया जाएगा, इसके बाद इसे विधिवत रूप से लॉन्च किया जाएगा।
शहर में निजी कैब कंपनियां यात्रियों से पीक आवर्स और लंबी दूरी के नाम पर भारी किराया वसूलती रही हैं। कई बार यात्रियों को हिडन चार्ज और अतिरिक्त शुल्क भी देना पड़ता था। “भारत टैक्सी” सेवा के शुरू होने के बाद यात्रियों को कम कीमत में सुरक्षित और पारदर्शी सेवा मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों का दावा है कि निजी कंपनियों के मुकाबले भारत टैक्सी का किराया लगभग 25 से 30 प्रतिशत तक कम होगा।
इस सेवा की खासियत यह है कि इसमें ड्राइवरों को “सारथी” कहा जाएगा। ड्राइवरों को किसी निजी कंपनी को कमीशन नहीं देना होगा और राइड से होने वाली पूरी कमाई सीधे उनके खाते में जाएगी। इससे ड्राइवरों की आय बढ़ेगी और उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी।
जयपुर में भारत टैक्सी सेवा को लेकर लोगों और ड्राइवरों में उत्साह है। अब तक करीब 15 हजार ड्राइवर इस सेवा से जुड़ चुके हैं। सहकारिता विभाग का लक्ष्य 50 हजार ड्राइवरों को जोड़ना है ताकि यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।
ड्राइवरों को इस सेवा से जुड़ने के लिए गूगल प्ले स्टोर से भारत टैक्सी एप्लीकेशन डाउनलोड करनी होगी। इसके बाद उन्हें ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन की आरसी और आधार कार्ड अपलोड करना होगा। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय द्वारा दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ड्राइवर को सेवा से जोड़ा जाएगा।
सरकार का कहना है कि यह केवल एक कैब सेवा नहीं, बल्कि ड्राइवरों के लिए रोजगार और सामाजिक सुरक्षा का बड़ा माध्यम बनेगी। सारथियों को ई-श्रम जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही वे भारत टैक्सी के शेयर खरीदकर कंपनी के हिस्सेदार भी बन सकते हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.