जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र के एलएनटी रोड के पास एक ही परिवार के चार मासूम बच्चों के लापता होने से सनसनी फैल गई है। लापता बच्चों में दो परिवारों की तीन बच्चियां और एक बालक शामिल हैं, जो मंगलवार दोपहर घर से निकले थे लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे।
लापता बच्चों में अनिरुद्ध साहनी की बेटी अंशिका (13) और आराध्या (9), तथा पप्पू साहनी की बेटी सलोनी (11) और बेटा सचिन (8) शामिल हैं। परिजनों ने पहले खुद बच्चों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मुहाना पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत विशेष टीमों का गठन कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
जांच में सामने आया है कि बच्चों की आखिरी लोकेशन मालपुरा गेट बस स्टैंड क्षेत्र में मिली थी। सीसीटीवी फुटेज में चारों बच्चे एक साथ जाते हुए दिखाई दिए हैं और एक चूड़ी की दुकान के पास रुककर सामान देखते भी नजर आए। इसके अलावा बच्चों को एक ई-रिक्शा चालक के पास खड़े हुए भी देखा गया है, जिससे पुलिस अब पूछताछ कर रही है।
चारों बच्चों के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण उनकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस बस स्टैंड, बाजार, ई-रिक्शा चालकों और आसपास के इलाकों में लगातार सर्च अभियान चला रही है। सभी संभावित रूटों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं और आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
इधर बच्चों के लापता होने से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और परिजन लगातार बच्चों की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही बच्चों का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.