अलवर जिले के खेरली थाना क्षेत्र के मंगरखा गांव में शनिवार देर रात पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार केसरा का बास और आसपास के गांवों के कुछ युवकों के बीच पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर विवाद चल रहा था, जिसमें एक-दूसरे के वीडियो बनाकर गाली-गलौज और धमकियां देने के मामले लगातार सामने आ रहे थे। इसी रंजिश के चलते शनिवार रात दोनों पक्ष मंगरखा गांव में आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बाइक से जा रहे तीन युवकों पर घात लगाकर बैठे विरोधी पक्ष ने तेज रफ्तार एसयूवी/थार गाड़ी चढ़ा दी, जिससे बाइक सवार जितेंद्र गुर्जर पुत्र उम्मेद सिंह गुर्जर (निवासी सुनगाड़ी, महाणा का बास, बांदीकुई) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रवींद्र गुर्जर और लखन गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पहले खेरली उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। बाद में शव को मोर्चरी में रखवाया गया, जहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। परिजनों के पहुंचने के बाद रविवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में मृतक के भाई भरत सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने करीब डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया विवाद, सीसीटीवी फुटेज, वाहन की पहचान और गवाहों के बयान के आधार पर पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.