जयपुर। राजधानी जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 10 वर्षीय बच्चे अजमत की हत्या उसके ही तीन नाबालिग दोस्तों ने कर दी। पुलिस ने रविवार को इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चा अजमत (10) मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला था और जयपुर की एक कॉलोनी में रहता था। आरोपी बच्चे, जो उसी इलाके में उसके पड़ोसी और दोस्त थे, इस बात से नाराज थे कि अजमत ने उनकी बहन के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी बात को लेकर उन्होंने बदले की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार 14 जून को तीनों नाबालिग आरोपियों ने अजमत को पार्टी के बहाने नाले के पास बुलाया, जहां पहले सभी ने साथ में स्नैक्स और कोल्ड ड्रिंक ली। इसके बाद अचानक उन्होंने अजमत पर हमला कर दिया और दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। बाद में शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके शरीर को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया।
बच्चा 14 जून से लापता था और 25 जून को उसका शव बरामद हुआ। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना मुश्किल था, बाद में कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की गई। पुलिस जांच में आरोपियों की गतिविधियों और व्यवहार से सुराग मिला, जिसके बाद एक नाबालिग से पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया। पुलिस ने तीनों बच्चों को पकड़ लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.