राजस्थान बैडमिंटन के लिए वर्ष 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। प्रदेश को एक साथ दो बड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली है, वहीं खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ा बदलाव 15-पॉइंट स्कोरिंग सिस्टम के रूप में सामने आया है। अब तक खेले जा रहे पारंपरिक 21-पॉइंट प्रारूप की जगह राज्य संघ और राष्ट्रीय जोनल स्तर की प्रतियोगिताओं में 15-पॉइंट फॉर्मेट लागू किया जाएगा।
राजस्थान बैडमिंटन संघ के सचिव के.के. शर्मा के अनुसार, राज्य की सभी प्रतियोगिताओं के क्वालीफाइंग और मेन ड्रॉ इसी नए प्रारूप में खेले जाएंगे। छोटे मुकाबलों के कारण हर रैली का महत्व बढ़ जाएगा और खिलाड़ियों को शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति अपनानी होगी।
भारतीय बैडमिंटन संघ ने 1 से 9 अक्टूबर तक जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में योनेक्स-सनराईज अखिल भारतीय सब-जूनियर रैंकिंग प्रतियोगिता तथा 2 से 6 सितंबर तक भीलवाड़ा में इंटर स्टेट नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप आयोजित करने की जिम्मेदारी राजस्थान को सौंपी है।
वहीं राज्य अंडर-19 चैंपियनशिप अब श्रीगंगानगर की बजाय राजसमंद में 16 से 21 सितंबर तक होगी। 23 से 29 जुलाई तक जयपुर में होने वाली राज्य रैंकिंग प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर नॉर्थ जोन चैंपियनशिप के लिए राजस्थान की अंडर-19 और सीनियर टीमों का चयन किया जाएगा। साथ ही भारतीय टीम में चयनित अंशुमन चौधरी, अन्वी राठौड़ और मनन शर्मा को भी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.