बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले के लूणकरणसर कस्बे में सोमवार देर रात कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा से जुड़े बताए जा रहे एक आलीशान मकान को अज्ञात लोगों द्वारा ध्वस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सबसे बड़ी बात यह है कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन दोनों ने इस कार्रवाई में किसी भी प्रकार की आधिकारिक भूमिका से साफ इनकार किया है। प्रशासन का कहना है कि मकान गिराने की कार्रवाई सरकारी नहीं थी और यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर यह कार्रवाई किसने और किस उद्देश्य से की।
घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मकान को किसने और किन परिस्थितियों में ध्वस्त किया।
स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे प्रतिद्वंद्वी गैंग की कार्रवाई मान रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि हाल ही में हिस्ट्रीशीटरों और अपराधियों के अवैध निर्माणों पर चल रही प्रशासनिक कार्रवाई की आड़ में किसी ने इस घटना को अंजाम दिया हो सकता है। हालांकि, इन दावों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रोहित गोदारा बीकानेर के लूणकरणसर क्षेत्र का रहने वाला है और उसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी माना जाता है। उसके खिलाफ कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2022 में वह कथित रूप से फर्जी पासपोर्ट के जरिए देश छोड़कर विदेश भाग गया था। जांच एजेंसियों के अनुसार वह वर्तमान में विदेश से अपने गैंग का संचालन कर रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मकान गिराने वालों की पहचान और कार्रवाई के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.