राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जोधपुर में एसीबी ने देर रात बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए पटवारी अंकुश बघेला को 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि पटवारी ने एक राजस्व संबंधी कार्य को करने और फाइल आगे बढ़ाने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर जाल बिछाया।
योजनाबद्ध तरीके से की गई कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता ने जैसे ही तय रकम पटवारी को सौंपी, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और उसके ठिकानों की भी जांच शुरू कर दी गई है। एसीबी अब यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं आरोपी की आय से अधिक संपत्ति या भ्रष्टाचार से जुड़े अन्य मामले तो सामने नहीं आते।
राजस्थान में हाल के महीनों में एसीबी ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाइयां की हैं। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और रिश्वत मांगने या लेने वाले किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.