देशभर में परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक के मुद्दे पर जारी छात्र-युवा आंदोलन के बीच आज एक अहम घटनाक्रम सामने आया। केंद्र सरकार और CJP के प्रतिनिधियों के बीच नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में CJP प्रतिनिधियों ने अपनी तीन प्रमुख मांगों के साथ परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए पांच सुधार संबंधी सुझाव भी सरकार के सामने रखे। केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि सरकार ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी है और इन सुझावों पर विचार किया जाएगा। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि बातचीत का अगला दौर भी जल्द आयोजित होगा।
हालांकि, CJP की ओर से कहा गया कि उनकी प्रमुख मांगों, विशेषकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। प्रतिनिधियों का कहना है कि जब तक मुख्य मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी ओर, सरकार ने संवाद के जरिए समाधान निकालने की इच्छा जताई है। ऐसे में अब देशभर के छात्रों और युवाओं की निगाहें अगली बैठक पर टिकी हैं कि क्या यह बातचीत किसी सहमति तक पहुंचेगी या आंदोलन का अगला चरण और तेज होगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.