जयपुर प्रथम जिले में मंगलवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से 'शक्ति दिवस' का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों, किशोरी बालिकाओं और महिलाओं की एनीमिया स्क्रीनिंग, हीमोग्लोबिन जांच एवं उपचार किया गया। साथ ही आयरन की गोलियों का वितरण कर उन्हें पोषणयुक्त आहार और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि शक्ति दिवस का उद्देश्य बच्चों, किशोरियों, विवाहित महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं में एनीमिया की पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। इस अभियान के तहत हीमोग्लोबिन जांच, एनीमिया की स्क्रीनिंग और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।
उन्होंने बताया कि राजस्थान को एनीमिया मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से प्रत्येक मंगलवार को 'शक्ति दिवस' आयोजित करता है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार अपनाने, आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया जाता है।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि नियमित जांच, समय पर उपचार और पोषण संबंधी जागरूकता से महिलाओं और बच्चों में एनीमिया की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.