झालावाड़/बीकानेर/श्रीगंगानगर। राजस्थान राज्य बीज निगम में हुए महा-घूसकांड में एसीबी ने ₹2.44 करोड़ की रिकॉर्ड नकदी बरामद की है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए भाजपा सरकार की “जीरो टॉलरेंस” नीति पर तीखा हमला किया और आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार रोकने के नाम पर दिखावे का नाटक चल रहा है, जबकि वास्तविकता में अधिकारियों और एजेंसियों का इस्तेमाल निजी कंपनियों से अवैध वसूली के लिए किया जा रहा है।
जूली ने विशेष रूप से कृषि मंत्री की टीम पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ACB ने बीज निगम के डायरेक्टर जुगल किशोर बिश्नोई और उसके रिश्तेदार को ₹2.43 करोड़ की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया, जबकि ये वही लोग थे जो आधिकारिक छापेमारी में मौजूद थे।
एसीबी की जांच में सामने आया कि स्वतंत्र बिश्नोई ₹85 लाख लेकर बीकानेर से बस के जरिए श्रीगंगानगर जा रहा था। इसके बाद जयपुर में जुगल किशोर बिश्नोई के आवास पर छापेमारी कर अतिरिक्त ₹1.59 करोड़ बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच से यह भी पता चला कि गुजरात की ‘गजराज ब्रांड’ मूंगफली बीज कंपनी के गोदाम पर छापेमारी के बाद सील किए गए बीजों को वापस भेजने और सरकारी लैब से पक्ष में टेस्ट रिपोर्ट तैयार कराने के एवज में करोड़ों का सौदा हुआ। इसमें मुख्य दलाल सुनील सेतिया, गजराज ब्रांड के प्रोपराइटर किरण कपाड़िया, गणपत बिश्नोई और सतपाल शामिल थे।
टीकाराम जूली के आरोपों के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय और कृषि विभाग पर निष्पक्ष जांच और कड़े एक्शन का दबाव बढ़ गया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.