जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने रिंग रोड (कपूरवाला अंडरपास) से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह करीब 9:30 बजे युवक रिंग रोड पर पहुंचा और कुछ देर तक वहां खड़े रहने के बाद अचानक नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण युवक के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक ने आत्महत्या क्यों की और उसके पीछे क्या कारण हो सकते हैं।
इसी बीच जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 5 वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या कर दी गई। बच्ची घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी, जिसके कुछ घंटों बाद उसका शव पड़ोसी के घर में बेड के अंदर कंबल में लिपटा हुआ मिला।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका की मां और आरोपी महिला के बीच पानी भरने को लेकर लंबे समय से विवाद और रंजिश चल रही थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते मासूम बच्ची को निशाना बनाया गया। पुलिस ने आरोपी महिला को डिटेन कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिवार ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया। इन दोनों घटनाओं ने पूरे जयपुर को झकझोर कर रख दिया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.