पश्चिमी राजस्थान के बहुप्रतीक्षित उत्तरलाई एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को अब नई गति मिल गई है। करीब छह वर्षों से लंबित यह परियोजना अब जमीन पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार ने भूमि अधिग्रहण के लिए आवश्यक राशि जारी कर दी है, जिसके बाद इसी सप्ताह किसानों को अवार्ड जारी कर मुआवजा उनके खातों में जमा कराया जाएगा। इसके साथ ही एयरपोर्ट निर्माण का मार्ग लगभग साफ हो जाएगा।
इस परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण पर लगभग 9 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जाएगा, जिसमें से पहले चरण में 5 करोड़ रुपये बाड़मेर उपखंड प्रशासन को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। प्रशासन को एक सप्ताह के भीतर अवार्ड जारी कर भुगतान प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
नागरिक उड्डयन विभाग ने सात माह पहले चकलाणी, बेरीवाला और लालाणियों की ढाणी क्षेत्र में 62.96 एकड़ निजी खातेदारी भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी की थी, जिसमें कुल 428 खातेदार प्रभावित हुए हैं। अब इन सभी किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
उत्तरलाई एयरपोर्ट की घोषणा वर्ष 2019 में केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत की गई थी, लेकिन भूमि चयन, तकनीकी आपत्तियों और प्रशासनिक अड़चनों के कारण यह परियोजना लंबे समय तक अटकी रही। अब सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अंतिम चरण में अवार्ड जारी किए जा रहे हैं।
एयरपोर्ट शुरू होने से बाड़मेर जिले को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र की देश के प्रमुख शहरों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी स्थापित होगी, जिससे निवेश, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। तेल एवं गैस क्षेत्र की कंपनियों ने भी यात्री भार में सहयोग देने की सहमति दी है, जिससे परियोजना की व्यवहारिकता और मजबूत हुई है।
यह परियोजना सीमावर्ती जिले की विकास तस्वीर बदलने वाली मानी जा रही है और इससे बाड़मेर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की संभावना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.