राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियों के प्रभाव से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में बीते दिनों हुई बारिश और तेज आंधी के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने जयपुर सहित कई जिलों में मेघगर्जन, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार चूरू, डीडवाना-कुचामन, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने और मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है।
विभाग ने बताया कि जयपुर, भरतपुर, अजमेर, बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्र के कई हिस्सों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पिछले दो दिनों से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां प्रभावी बनी हुई हैं। इसके चलते कई क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन, धूलभरी आंधी और मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई है।
हाल के मौसम आंकड़ों के अनुसार झालावाड़ जिले के खानपुर क्षेत्र में सबसे अधिक 51 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश और बादलों के प्रभाव से कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों तक राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। विशेष रूप से पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग में मध्यम से तेज बारिश तथा तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी शाखा पूर्वोत्तर भारत में प्रभावी बनी हुई है। राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है।
हालांकि प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य रूप से 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है, लेकिन बारिश और आंधी के कारण हीटवेव जैसी परिस्थितियों से राहत मिलेगी। वहीं वातावरण में नमी बढ़ने से कुछ क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी का अनुभव भी हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से न रुकने की सलाह दी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.