इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी रहेगी। साथ ही केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटील और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री भी बैठक में शामिल होंगे। राजस्थान की ओर से जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और जल संसाधन विभाग के ACS अभय कुमार मौजूद रहेंगे।
किशाऊ बांध परियोजना से जुड़े MoU में राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बैठक में परियोजना के निर्माण और जल वितरण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनने की उम्मीद है।
किशाऊ बांध परियोजना से राजस्थान को वर्ष पर्यंत पानी मिलने की संभावना है। राज्य को करीब 130 MCM पानी की आपूर्ति हो सकेगी। इससे विशेष रूप से शेखावाटी क्षेत्र के तीन जिलों की पेयजल और सिंचाई जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
परियोजना के तहत यमुना जल समझौते के अनुसार डाली जाने वाली लाइनों के जरिए शेखावाटी क्षेत्र तक पानी पहुंचाया जाएगा। इससे क्षेत्र में पेयजल संकट के समाधान के साथ-साथ सिंचाई व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
किशाऊ बांध परियोजना को लेकर होने वाला यह समझौता राजस्थान के लिए दीर्घकालिक जल प्रबंधन और शेखावाटी क्षेत्र की पेयजल जरूरतों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.