डॉ. जोगाराम ने निर्देश दिए कि 30 सितंबर तक कम से कम 80 प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल किया जाए। लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले जिलों के संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, 31 अक्टूबर तक 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने को कहा गया है।
मिशन निदेशक ने टीकाकरण से वंचित पात्र बालिकाओं की पहचान कर उनका रिकॉर्ड पीसीटीएस और यू-विन पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। जीएवीआई द्वारा चयनित जिलों में अगले तीन दिन और अन्य जिलों में अगले सात दिन में छूटी पात्र बालिकाओं की एंट्री पूरी करने को कहा गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल टीका लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लाभार्थी की समय पर ऑनलाइन एंट्री भी जरूरी है, ताकि टीकाकरण का सही रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।
सभी जिलों में एचपीवी और एमआर टीकाकरण की साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एमआर-1 और एमआर-2 टीकाकरण के बीच के अंतर को कम करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया है। इस अंतर को 5 प्रतिशत से कम करने का लक्ष्य रखा गया है।
कम प्रगति वाले जिलों में राज्य स्तर से टीमें भेजकर स्थिति की समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि टीकाकरण की गति कम होने के कारणों की पहचान कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं और सभी पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.