पंचायत चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आचार संहिता लागू होने की संभावना है। चुनाव में ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर के प्रतिनिधियों का चुनाव होगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार करीब 1.69 लाख जनप्रतिनिधियों का चुनाव होना है। इनमें 1,403 जिला परिषद सदस्य, 8,245 पंचायत समिति सदस्य और 14,403 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं वार्ड पंच शामिल हैं।
आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मतदान के चरण, तारीखें, नामांकन, मतदान और मतगणना की समय-सारणी स्पष्ट होने की उम्मीद है। मीडिया रिपोर्टों में चार चरणों में चुनाव कराए जाने की संभावना बताई गई है, हालांकि अंतिम कार्यक्रम आयोग की घोषणा से ही स्पष्ट होगा।
रिपोर्टों के मुताबिक सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव EVM से कराए जाने हैं। पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी लागू है।
प्रदेश में 41 जिला परिषद और 457 पंचायत समितियां हैं। जिला परिषद सदस्य जिला प्रमुख का तथा पंचायत समिति सदस्य प्रधान का चुनाव करेंगे। वहीं 14,403 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच चुने जाएंगे।
अब सबकी नजरें आज दोपहर 3 बजे होने वाली राज्य निर्वाचन आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर हैं। आयोग की घोषणा के बाद पंचायत चुनाव का पूरा कार्यक्रम सामने आ जाएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.