पुलिस के अनुसार गुरविंद्र सिंह (22) निवासी चक महाराजका को 3 अक्टूबर को एक पिस्तौल और 47 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी के घर में नशीला पदार्थ होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां करीब 500 ग्राम आइस ड्रग बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में उसके कथित तौर पर विदेश में बैठे कुछ तस्करों के संपर्क में होने की जानकारी भी सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग की खेप कहां से आई और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
कार्रवाई उप निरीक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में कांस्टेबल वीरेंद्र गोदारा, दलीप, रामकुमार और डीएसटी टीम के संदीप जाखड़ शामिल रहे।
श्रीगंगानगर और आसपास के बॉर्डर क्षेत्र में नशे की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। 27-28 सितंबर को अनूपगढ़ पुलिस, जिला स्पेशल टीम और बॉर्डर DST ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराई गई करीब 500 ग्राम हेरोइन बरामद की थी, जिसकी कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपए आंकी गई थी। वहीं श्रीकरणपुर क्षेत्र में BSF ने करीब 810 ग्राम हेरोइन का संदिग्ध पैकेट बरामद किया था, जिसकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपए बताई गई थी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.