मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान नवीन महाजन ने बताया कि अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पिछले सात दिनों में विधानसभा क्षेत्रों में नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए 57 हजार से अधिक Form-6 प्राप्त हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि पात्र युवाओं और नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से स्कूलों और कॉलेजों में विभिन्न गतिविधियां एवं विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
मतदाता जागरूकता के लिए इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से स्कूल और कॉलेज स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों की जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा निगरानी एवं पर्यवेक्षण किया जा रहा है।
इसके साथ ही निर्वाचन विभाग के मुख्यालय स्तर से भी जिलों में चल रहे अभियान और विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है।
निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। राजस्थान सहित उन राज्यों में जहां SIR की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, अब Form-6 के जरिए नए मतदाता पंजीकरण और Form-8 के जरिए मतदाता सूची में संशोधन के लिए SIR के दौरान जोड़े गए घोषणा पत्र की आवश्यकता नहीं होगी।
पात्र नागरिक voters.eci.gov.in या ECINET के माध्यम से ऑनलाइन Form-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने परिवार और आसपास के ऐसे युवाओं एवं पात्र नागरिकों को भी पंजीकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।
उन्होंने कहा कि सशक्त, सहभागी और समावेशी लोकतंत्र के उद्देश्य को पूरा करने के लिए निर्वाचन विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.