विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि लोकसभा सचिवालय की तर्ज पर राजस्थान विधानसभा में यह प्रणाली स्थापित की गई है। इस व्यवस्था पर करीब 1 करोड़ 6 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। बूम बैरियर से संचालित इस सिस्टम को विधानसभा के प्रवेश द्वार संख्या 6, 7 और 8 पर लगाया गया है।
देवनानी ने कहा कि राजस्थान विधानसभा एक महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान है, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आगंतुकों का नियमित आवागमन होता है। ऐसे में परिसर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आधुनिक तकनीक का उपयोग कर वाहन जांच व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
UVSS एक आधुनिक वाहन निरीक्षण प्रणाली है, जिसके माध्यम से विशेष कैमरों और इमेज कैप्चर उपकरणों की मदद से वाहनों के निचले हिस्से की स्पष्ट तस्वीरें प्राप्त की जा सकती हैं। इससे वाहन के उन हिस्सों की जांच भी संभव होगी, जिन्हें सामान्य परिस्थितियों में देखना मुश्किल होता है। सिस्टम में इमेज डिस्प्ले स्क्रीन और विश्लेषण सॉफ्टवेयर जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।
इस तकनीक के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं के अनुसार वाहनों की तस्वीरों, जांच विवरण और प्रवेश संबंधी रिकॉर्ड को सुरक्षित रखा जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर इन रिकॉर्ड का दोबारा अवलोकन भी किया जा सकेगा। इससे सुरक्षा कर्मियों को वाहन जांच अधिक व्यवस्थित तरीके से करने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने विधानसभा में अपग्रेड की गई वायरलेस सेट व्यवस्था का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम में विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक के.के. शर्मा सहित विधानसभा के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इस नई व्यवस्था से राजस्थान विधानसभा परिसर में प्रवेश करने वाले वाहनों की सुरक्षा जांच को तकनीकी रूप से अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.