मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ विमान लियरजेट-60 (Learjet 60) बिजनेस जेट था। विमान दक्षिण फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके के ऊपर से गुजर रहा था, तभी अचानक नीचे की ओर गिरने लगा। इसके बाद सड़क के पास जोरदार धमाके के साथ विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
विमान के जमीन से टकराते ही उसमें भीषण आग लग गई। हादसे के वीडियो में घटनास्थल पर जलता हुआ मलबा और आग की ऊंची लपटें दिखाई दे रही हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर जमीन में बड़ा गड्ढा बन गया। आसपास के इलाके में काले धुएं का गुबार फैल गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह बिजनेस जेट टेक्सास के ऑस्टिन से रवाना हुआ था और बहामास की ओर जा रहा था। विमान की पहचान लियरजेट-60 (N722BD) के रूप में बताई गई है। यह दो इंजन वाला बिजनेस जेट है, जिसकी उड़ान क्षमता लगभग 4,400 किलोमीटर बताई जाती है।
फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। विमान दुर्घटना की जांच में तकनीकी खराबी और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जाएगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.