कार्यक्रम को लेकर पिछले एक महीने से तैयारियां चल रही हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं में 500 से अधिक स्वयंसेवक जुटे हुए हैं। शिविर में जोधपुर प्रांत के अलग-अलग जिलों से आने वाले स्वयंसेवकों के ठहरने की व्यवस्था श्रीराजाराम आश्रम परिसर में की गई है। इसके लिए तीन अलग-अलग हॉल तैयार किए गए हैं।
शिविर के लिए आश्रम परिसर में विशेष मैदान तैयार किया गया है और मंच भी बनाया गया है। यहां स्वयंसेवक रोजाना 6 से 7 घंटे तक घोष वादन का अभ्यास करेंगे। इस दौरान अलग-अलग घोष रचनाओं की तैयारी भी की जाएगी। इन प्रस्तुतियों का प्रदर्शन 15 नवंबर को समापन समारोह के दौरान किया जाएगा।
मरूनिनाद कार्यक्रम के तहत 14 नवंबर को शाम 4 बजे जोधपुर शहर में भव्य घोष संचलन निकाला जाएगा। यह संचलन एक साथ तीन निर्धारित मार्गों से रवाना होगा। करीब 50 मिनट में संचलन अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंचेगा।
जोधपुर प्रांत के प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा के अनुसार, शिविर में करीब 5 हजार शिक्षार्थी हिस्सा लेंगे। वहीं, व्यवस्थाओं, शिक्षण और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने के लिए 500 शिक्षक और अधिकारी भी शिविर परिसर में मौजूद रहेंगे।
शिविर के दौरान स्वच्छता, स्वयंसेवकों के स्वास्थ्य और प्राथमिक चिकित्सा की विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही शिविर में शामिल होने वाले स्वयंसेवकों के मोबाइल फोन भी जमा कराए जाएंगे।
कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बुधवार को पुलिस अधिकारी भी आयोजन स्थल पर पहुंचे और सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बुधवार से ही प्रांत के विभिन्न जिलों से स्वयंसेवकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू होने की जानकारी दी गई है।
15 नवंबर को होने वाले समापन समारोह में डॉ. मोहन भागवत की मौजूदगी को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.