Download App Now Register Now

शुद्ध आहार–मिलावट पर वार: त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

जयपुर, 19 अगस्त। आगामी त्योहारों को देखते हुए राजस्थान में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खीवसर के निर्देशन में संचालित “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत प्रदेशभर में सघन निरीक्षण और सैंपलिंग की जा रही है।

प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने बताया कि अभियान के तहत एक ही दिन में प्रदेशभर में 102 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जांच के लिए 142 खाद्य नमूने लिए गए, जिनमें 92 एनफोर्समेंट और 50 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य केंद्रीय जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

893 किलो से अधिक खाद्य सामग्री नष्ट

निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया अमानक, बासी, अवधिपार और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाई गई 893 किलोग्राम से अधिक खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाए जाने पर 9 खाद्य कारोबारियों को इम्प्रूवमेंट नोटिस भी जारी किए गए।

जयपुर में मिठाई और पनीर के नमूने

जयपुर प्रथम की टीम ने बजाज नगर स्थित हनुमान मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, सिंधी कैंप स्थित होटल जय मंगल पैलेस से पनीर और एम.बी. स्वीट्स से गुलाब जामुन के नमूने लिए।

वहीं जयपुर द्वितीय की टीम ने आगरा रोड, बगराना स्थित बिना फूड लाइसेंस संचालित मिठाई कारखाने पर कार्रवाई की। यहां करीब 300 किलो सोनपपड़ी नष्ट करवाई गई। बिना फूड लाइसेंस संचालन पाए जाने पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार अग्रिम आदेशों तक मशीनों को सील कर प्रतिष्ठान को बंद करवाया गया।

सिरोही में काजू कतली, घी और सोनपपड़ी के नमूने

सिरोही जिले के पिंडवाड़ा में भाग्य लक्ष्मी से काजू कतली और घी, जोधपुर मिष्ठान भंडार से सोनपपड़ी तथा सोना मिष्ठान से दही-लस्सी के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

टोंक में 11 लीटर अवधिपार खाद्य तेल नष्ट

टोंक जिले में डिग्गी मेले और त्योहारी सीजन को देखते हुए चौसला एवं डिग्गी नुक्कड़ स्थित दो प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के साथ 11 लीटर अवधिपार रिफाइंड पाम ऑयल मौके पर नष्ट करवाया गया।

खैरथल-तिजारा में भी सैंपलिंग

खैरथल-तिजारा जिले में विजय डेयरी, सखी डेयरी, भगत जी मिष्ठान भंडार और जाहिद डेयरी सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां से कलाकंद, देसी घी, मिश्रित दूध, बर्फी और मावा के नमूने जांच के लिए लिए गए।

त्योहारों तक जारी रहेगा विशेष अभियान

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने कहा कि त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने और उपभोक्ताओं को केवल गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग की कार्रवाई से त्योहारों के दौरान बाजार में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने की तैयारी है।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
राजस्थान संपर्क पोर्टल का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण, किसानों की शिकायतों के जल्द निस्तारण के निर्देश | Kolkata Stampede: कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से 17 लोगों की मौत, 25 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान | ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के बाहर भीषण हादसा: ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 15 की मौत और 26 घायल | कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़: 19 लोगों की मौत, आयोजकों समेत 7 गिरफ्तार; मृतकों में छात्रा और नर्स भी शामिल | खेलो राजस्थान: दिसंबर से शुरू होगा पहला चरण, 12 खेलों में दिखेगा खिलाड़ियों का दम; ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू | नवरात्रि का आठवां दिन आज: मां महागौरी की पूजा से जुड़ी मान्यताएं, जानें मंत्र, भोग और पूजा विधि | कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रैवलर नाले में गिरा; 8 लोगों की मौत, 17 घायल | राजस्थान में मौसम का बदला मिजाज, 7 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी | जोधपुर: लोहावट में बोरवेल में गिरा मासूम, SDRF के बाद NDRF की टीम भी रेस्क्यू में जुटी | जयपुर में रोजगार शिविर: 366 युवाओं को मिला रोजगार, 28 का प्रशिक्षण के लिए चयन |