महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक द्वारा जारी अर्द्धशासकीय पत्र के अनुसार इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह का राष्ट्रीय शुभारंभ 9 सितंबर को वाराणसी, उत्तर प्रदेश में होगा।
इसी क्रम में निदेशालय, समेकित बाल विकास सेवाएं, राजस्थान की ओर से सभी उपनिदेशकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
निदेशक वासुदेव मालावत ने बताया कि इस वर्ष पोषण माह का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण, देखभाल और प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास के लिए और अधिक सुदृढ़ करना है। इसके साथ ही समुदाय में सामूहिक जिम्मेदारी और स्वामित्व की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा।
इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की मुख्य थीम “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है।
पोषण माह के दौरान पांच प्रमुख उप-विषयों पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी—
आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन
आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका हुआ भोजन (HCM)
सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही
बाल्यावस्था विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के तहत मातृ स्वास्थ्य के लिए नकद हस्तांतरण
विभाग की ओर से तैयार गतिविधि कैलेंडर के अनुसार राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान होने वाली गतिविधियां स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, ग्रामीण विकास और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय एवं अभिसरण के माध्यम से आयोजित की जाएंगी।
विभाग के अनुसार पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों की दैनिक प्रविष्टि जन-आंदोलन डैशबोर्ड पर की जाएगी। इसका उद्देश्य अभियान की गतिविधियों की नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.