Download App Now Register Now

मतदान खत्म होते ही BJP का ‘ऑपरेशन बोर्ड’ शुरू, प्रशिक्षण वर्ग के नाम पर पार्षद प्रत्याशियों की ‘बाड़ेबंदी’

जयपुर: राजस्थान में निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान खत्म होते ही भाजपा ने बोर्ड गठन को लेकर अपनी रणनीति तेज कर दी है। चुनाव परिणाम आने से पहले ही पार्टी ने संभावित जोड़-तोड़ और क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, खास तौर पर उन निकायों पर फोकस किया जा रहा है, जहां भाजपा बहुमत के आंकड़े के बेहद करीब रहने की संभावना है।

चुनाव प्रभारियों और स्थानीय विधायकों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे निकायों में पार्टी के संभावित विजयी प्रत्याशियों पर नजर रखी जाए और मतदान खत्म होते ही उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए। माना जा रहा है कि कुछ स्थानों पर प्रत्याशियों के ठहरने के लिए होटल और रिसॉर्ट की व्यवस्था भी की गई है।

प्रशिक्षण वर्ग के नाम पर शुरू हुई ‘बाड़ेबंदी’

पहले चरण का मतदान खत्म होने के साथ ही अब राजनीतिक दलों की नजर मतगणना और उसके बाद होने वाले अध्यक्ष व सभापति के चुनाव पर है। 21 सितंबर तक चलने वाली बोर्ड गठन की इस सियासी कवायद में भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने संभावित विजयी पार्षदों को एकजुट रखने के साथ-साथ निर्दलीय प्रत्याशियों को साधने की कोशिश करेंगी।

भाजपा की ओर से इस पूरी प्रक्रिया को ‘प्रशिक्षण वर्ग’ बताया जा रहा है। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इसे बोर्ड गठन से पहले की ‘बाड़ेबंदी’ के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि परिणाम आने के बाद उसके संभावित विजयी पार्षद किसी दूसरे राजनीतिक खेमे के संपर्क में न आएं।

होटल और रिसॉर्ट में ठहराने की तैयारी

करीबी मुकाबले वाले निकायों में भाजपा ने स्थानीय स्तर पर अपनी रणनीति को सक्रिय कर दिया है। संबंधित चुनाव प्रभारियों और विधायकों को प्रत्याशियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर प्रत्याशियों को एक साथ सुरक्षित स्थान पर रखा जाएगा। यहां संगठनात्मक गतिविधियों और बोर्ड गठन की प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण देने की बात कही जा रही है।

भाजपा की चिंता उन निकायों को लेकर ज्यादा है, जहां बहुमत का आंकड़ा हासिल करने के लिए एक-दो सीटों का अंतर निर्णायक साबित हो सकता है। ऐसे में परिणाम के बाद अध्यक्ष और सभापति के चुनाव तक अपने संभावित विजयी पार्षदों को एकजुट रखना पार्टी की प्राथमिकता बन गया है।

एक-एक सीट पर नजर, निर्दलीय भी भाजपा के रडार पर

भाजपा की रणनीति सिर्फ अपने प्रत्याशियों तक सीमित नहीं है। पार्टी ने ऐसे निकायों की भी पहचान की है, जहां निर्दलीय पार्षद बोर्ड गठन में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

खास तौर पर उन निर्दलीय प्रत्याशियों पर नजर रखी जा रही है, जो मजबूत स्थिति में हैं या जिनके पार्टी की विचारधारा के करीब होने की संभावना मानी जा रही है। इनमें ऐसे नेता भी शामिल हैं, जिन्हें भाजपा से टिकट नहीं मिला और उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा।

पार्टी ने इसके लिए एक विशेष टीम भी तैयार की है, जो संभावित निर्दलीय विजेताओं से संपर्क साधने और उनके राजनीतिक रुझान की जानकारी जुटाने का काम कर रही है। परिणाम आने के बाद अगर भाजपा बहुमत से पीछे रहती है तो निर्दलीयों के समर्थन से बोर्ड बनाने की कोशिश की जाएगी।

क्यों जरूरी है पार्षदों की ‘बाड़ेबंदी’?

वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक श्याम सुंदर शर्मा के मुताबिक, स्थानीय निकायों में बोर्ड गठन का गणित विधानसभा चुनाव से काफी अलग होता है। यहां कई बार एक-दो सीटों का अंतर ही पूरे बोर्ड का भविष्य तय कर देता है।

उन्होंने कहा कि जिन निकायों में भाजपा या कांग्रेस बहुमत के आसपास रहती है, वहां एक-एक पार्षद बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है। ऐसे में निर्दलीय पार्षद भी अध्यक्ष या सभापति के चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

शर्मा के मुताबिक, परिणाम आने के बाद राजनीतिक दलों की ओर से संपर्क और समर्थन जुटाने की कोशिशें तेज हो जाती हैं। ऐसे में पार्टियां अपने संभावित विजयी पार्षदों को एक साथ रखने की कोशिश करती हैं, ताकि दूसरे खेमे की ओर से सेंधमारी या क्रॉस वोटिंग की संभावना को कम किया जा सके।

CMO से BJP मुख्यालय तक मॉनिटरिंग तेज

निकाय चुनाव के नतीजों से पहले ही भाजपा के सत्ता और संगठन दोनों स्तरों पर बोर्ड गठन को लेकर निगरानी बढ़ गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से CMO के जरिए राजनीतिक समीकरणों पर नजर रखे जाने की बात सामने आई है।

वहीं भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी और प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार की ओर से चुनावी समीकरणों की मॉनिटरिंग की जा रही है।

स्थानीय चुनाव प्रभारियों और विधायकों से निकायवार फीडबैक लिया जा रहा है। इसमें संभावित विजयी प्रत्याशियों की स्थिति, निर्दलीय उम्मीदवारों के रुझान और बोर्ड गठन के लिए जरूरी संख्या का आकलन किया जा रहा है।

अब भाजपा की नजर मतगणना के बाद बनने वाले समीकरणों पर है। परिणाम आने के बाद अध्यक्ष और सभापति के चुनाव तक पार्टी अपने पार्षदों को एकजुट रखने और बहुमत का आंकड़ा जुटाने के लिए पूरी ताकत लगाएगी।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
बीज घोटाले की जांच CBI से कराने की मांग, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा CM भजनलाल शर्मा को लिखेंगे पत्र | Gen-Z IPS अभिजीत पाटील का कमाल: AI और NATGRID की मदद से गैंगस्टरों पर कसा शिकंजा | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की भरतपुर को बड़ी सौगात, 1,186 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण | जनजातीय क्षेत्रों के विकास को नई गति, 196.39 करोड़ रुपये के वार्षिक प्रस्तावों को मिली मंजूरी | इकोलॉजिकल ज़ोन में 'अयोध्या नगर'! 42 बीघा कृषि भूमि पर धड़ल्ले से प्लॉटिंग, जेडीए आखिर खामोश क्यों? | मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | सूर्या के कत्ल की असली वजह आई सामने, बाइक बनी जानलेवा विवाद का कारण। | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | |