आइए जानते हैं आज के प्रमुख करेंट अफेयर्स...
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन BRICS समिट में शामिल होने के लिए भारत आएंगे। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन के बीच मुलाकात की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, 12 सितंबर को नई दिल्ली में BRICS नेताओं की बैठक से पहले 11 सितंबर को पीएम मोदी और पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता हो सकती है।
बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, आर्थिक सहयोग, परिवहन और कारोबार बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। रूस-यूक्रेन युद्ध और उसके आर्थिक प्रभाव भी बातचीत का अहम विषय हो सकते हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारत के घरेलू क्रिकेट से जुड़े मुकाबलों के लिए कैम्पा, SBI लाइफ और ChatGPT के साथ दो सीजन का करार किया है।
बताया गया है कि तीनों कंपनियों के साथ हुए इस समझौते की कुल कीमत 130 करोड़ रुपये से अधिक है। इस करार के तहत तीनों कंपनियां भारतीय घरेलू क्रिकेट की एसोसिएट पार्टनर होंगी।
यह साझेदारी भारत की वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज से शुरू होकर मार्च 2028 तक चलेगी। यह करार पिछले समझौते की तुलना में करीब 44 प्रतिशत अधिक बताया गया है।
भारतीय हॉकी टीम को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमें एक बार फिर अपनी पारंपरिक नीली जर्सी में नजर आएंगी।
इससे पहले हॉकी वर्ल्ड कप के दौरान भारतीय टीम की प्राथमिक किट का रंग नारंगी किए जाने पर काफी विवाद हुआ था। कई पूर्व हॉकी खिलाड़ियों ने जर्सी बदलने के फैसले की आलोचना की थी।
हॉकी इंडिया ने पहले जर्सी का रंग बदलने की वजह नीले रंग के टर्फ पर खिलाड़ियों को होने वाली परेशानी को बताया था। हालांकि, अब एशियन गेम्स के लिए नीली जर्सी वापस लाने का फैसला किया गया है।
पूर्व कप्तानों धनराज पिल्ले, वीरेन रासकिन्हा, परगट सिंह, अजीत पाल सिंह और वासुदेवन भास्करन ने भी जर्सी बदलने के फैसले पर आपत्ति जताई थी।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रेलवे नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी है। सरकार के मुताबिक, इन परियोजनाओं का उद्देश्य रेलवे की क्षमता बढ़ाने के साथ यातायात और माल ढुलाई को सुगम बनाना है।
इनमें दिल्ली-मुंबई, मुंबई-चेन्नई, चेन्नई-कोलकाता और कोलकाता-दिल्ली जैसे प्रमुख रेल कॉरिडोर शामिल बताए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, इन प्रमुख कॉरिडोर पर रेलवे का करीब 40 प्रतिशत ट्रैफिक रहता है। इसके अलावा करीब 10,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले तीन मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट को भी मंजूरी दी गई है।
इनमें खड़गपुर-झारसुगुड़ा चौथी लाइन, कटनी-पेंड्रा रोड चौथी लाइन और बिलासपुर-पेंड्रा रोड तीसरी लाइन शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से रेल लाइनों की क्षमता बढ़ेगी, भीड़भाड़ कम होगी और यात्री एवं माल परिवहन को बेहतर बनाया जा सकेगा।
चीन के पहले चीफ एग्जीक्यूटिव तुंग ची-ह्वा का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह हांगकांग के चीन को सौंपे जाने के बाद उसके पहले चीफ एग्जीक्यूटिव बने थे।
तुंग ची-ह्वा बाद में चीनी पीपुल्स पॉलिटिकल कंसल्टेटिव कॉन्फ्रेंस के पहले वाइस चेयरमैन भी रहे।
उनका कार्यकाल एशियाई वित्तीय संकट और हांगकांग में लोकतंत्र की मांग को लेकर बढ़ते विरोध जैसे महत्वपूर्ण दौर से गुजरा।
भारतीय डाक ने देश में स्थानों की डिजिटल पहचान को और सटीक बनाने के लिए ‘डिजिपिन’ (DIGIPIN) सुविधा शुरू की है।
इसके तहत देश के अलग-अलग स्थानों को 10 अक्षरों और अंकों वाला एक विशिष्ट कोड दिया जाता है। डिजिपिन मौजूदा 6 अंकों वाले PIN Code को खत्म नहीं करेगा, बल्कि उसके साथ अतिरिक्त लोकेशन पहचान के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकेगा।
डिजिपिन को डाक विभाग ने IIT हैदराबाद और इसरो के नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर के सहयोग से विकसित किया है।
जहां एक PIN Code बड़े इलाके की पहचान करता है, वहीं DIGIPIN करीब 4 मीटर × 4 मीटर के क्षेत्र की ज्यादा सटीक पहचान करने में मदद कर सकता है।
इससे ई-कॉमर्स, डिलीवरी और लॉजिस्टिक्स कंपनियों को सही स्थान तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। डाक विभाग ने मई 2025 में लोगों के लिए ‘अपना डिजिपिन जानें’ सुविधा भी शुरू की थी।
1976 में इंडियन एयरलाइंस के एक बोइंग 737 विमान का लाहौर के लिए अपहरण किया गया था।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.