बीजेपी प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, इन नेताओं के खिलाफ पार्टी प्रत्याशी के विरोध में चुनाव लड़ने की जानकारी सामने आई थी। इसे पार्टी संविधान के तहत गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए निष्कासन की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई की जद में अजमेर नगर निगम क्षेत्र के कई प्रमुख नेता शामिल हैं। इनमें अजमेर दक्षिण के वार्ड 38 से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे पूर्व पार्षद एवं मंडल अध्यक्ष अरुण शर्मा, वार्ड 41 की पूर्व पार्षद नीतू मिश्रा और वार्ड 52 से चुनाव मैदान में उतरीं महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष सीमा गोस्वामी शामिल हैं।
इसके अलावा अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 74 से निर्दलीय प्रत्याशी बनीं पूर्व पार्षद रूबी जैन और वार्ड 75 से चुनाव लड़ रहे पूर्व पार्षद धर्मेंद्र सिंह चौहान (पंचम) को भी पार्टी से निष्कासित किया गया है।
वहीं, ब्यावर की जैतारण विधानसभा क्षेत्र की जैतारण नगर पालिका के वार्ड 17 से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे पूर्व पार्षद राकेश सोलंकी और नागौर जिले के मूंडवा नगर पालिका के वार्ड 8 से बागी प्रत्याशी बने किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री लक्ष्मी नारायण मुंडेल पर भी कार्रवाई हुई है।
बीजेपी की इस कार्रवाई को चुनाव के दौरान अनुशासनहीनता और बगावत के खिलाफ पार्टी के सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.