दिल्ली से लौटने के बाद जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए गहलोत ने कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें वह पिछले तीन साल से सुन रहे हैं, लेकिन उन्हें इस बारे में कभी कोई संकेत तक नहीं मिला है।
अशोक गहलोत ने अपने पुराने बयान को दोहराते हुए कहा कि वह राजस्थान की जनता से दूर नहीं हैं। उन्होंने कहा, "मैं थां सूं दूर नहीं हूं। मैं दिल से चाहता हूं कि राजस्थान वालों की सेवा करूं। किसी भी पद पर रहूं या नहीं रहूं, लेकिन सेवा राजस्थान के लोगों की ही करूं। यही भावना मेरे दिल में है और आगे भी रहेगी।"
गहलोत के इस बयान को राजस्थान की राजनीति में आगे भी सक्रिय रहने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
कांग्रेस हाईकमान की ओर से कोई जिम्मेदारी दिए जाने के सवाल पर गहलोत ने कहा कि पार्टी का फैसला उनके लिए हमेशा सर्वोपरि रहा है और आगे भी रहेगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर 55 साल तक विश्वास जताया और अलग-अलग पदों पर जिम्मेदारियां दीं, जिन्हें उन्होंने निभाया। ऐसे में पार्टी के प्रति उनका कर्तव्य है कि वह उसके लिए काम करें।
गहलोत ने कहा, "जहां मुझे कहा जाएगा, जिम्मेदारी कोई भी हो, उसे लेने से मैं मना नहीं कर सकता। मैंने अपने दिल की बात कह दी है, लेकिन पार्टी का हित मेरे लिए सर्वोपरि रहेगा।"
मीडिया से बातचीत के दौरान गहलोत ने बीजेपी और आरएसएस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है।
गहलोत ने कहा कि उनकी नजर में फिलहाल पार्टी की सेवा करने का मतलब देश की सेवा करना है। देश में लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा और मौजूदा सत्ता की विचारधारा का मुकाबला करना होगा।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब में अपने जिक्र को लेकर पूछे गए सवाल पर भी अशोक गहलोत ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि किताब में उनके बारे में कोई अलग अध्याय नहीं लिखा गया है। सोनिया गांधी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया है कि वह पहले से ही इन नेताओं को जानती थीं। राजीव गांधी के दौरों के दौरान भी उनका संपर्क रहा था और इंदिरा गांधी के समय से उनकी पहचान थी।
गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी भावनाओं और पुराने अनुभवों का जिक्र किया है। ऐसे में इस बात का कोई अलग अर्थ निकालने की जरूरत नहीं है।
अशोक गहलोत के इस बयान के बाद राजस्थान की राजनीति में उनकी भविष्य की भूमिका और कांग्रेस संगठन में संभावित जिम्मेदारी को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। हालांकि, गहलोत ने स्पष्ट किया कि उनके लिए पार्टी हाईकमान का फैसला और राजस्थान की जनता की सेवा सर्वोपरि है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.