करीब ढाई किलोमीटर लंबाई वाले इस सड़क मार्ग पर कई जगह स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हैं। इसके कारण सड़क की चौड़ाई कई स्थानों पर घटकर करीब 80 फीट रह गई है, जबकि मास्टर प्लान में इसकी चौड़ाई 100 फीट निर्धारित है।
सूत्रों के अनुसार, 18 नवंबर को प्रस्तावित कार्रवाई विवेक विहार मेट्रो स्टेशन से पहले पिलर नंबर 84 से शुरू होकर पिलर नंबर 102 तक की जा सकती है। इस दौरान सड़क सीमा में आने वाले अतिक्रमण और निर्माण हटाए जाने की तैयारी है।
जेडीए की ओर से कार्रवाई को लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सड़क को निर्धारित चौड़ाई में विकसित करने के लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी माना जा रहा है।
इससे पहले अक्टूबर महीने में भी जेडीए ने गुर्जर की थड़ी से विवेक विहार स्टेशन तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। हालांकि, स्थानीय लोगों की ओर से आपत्तियां दर्ज करवाए जाने के बाद आगे की कार्रवाई रोक दी गई थी।
अब हाईकोर्ट के नए आदेश के बाद जेडीए ने दोबारा कार्रवाई की तैयारी शुरू की है।
इस मामले में एक दिन पहले राजस्थान हाईकोर्ट में सुनवाई हुई थी। कोर्ट ने जेडीए को दो सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी होने के बाद दो सप्ताह में जेडीसी को अदालत में रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए गए हैं।
मामले में अगली सुनवाई 7 दिसंबर को निर्धारित है। ऐसे में जेडीए के सामने तय समयसीमा में कार्रवाई पूरी करने की चुनौती है।
न्यू सांगानेर रोड पर सड़क सीमा में आने वाले 70 से अधिक निर्माण इस कार्रवाई से प्रभावित हो सकते हैं। यदि प्रस्तावित कार्रवाई होती है तो सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक सड़क को 100 फीट चौड़ा करने की दिशा में बड़ा कदम होगा।
अब सभी की नजरें 18 नवंबर को होने वाली संभावित जेडीए कार्रवाई पर टिकी हैं। कार्रवाई होने पर न्यू सांगानेर रोड के इस हिस्से में सड़क चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो सकता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.