आगजनी की पहली घटना नया कटला रामपुरा में स्कूल के पीछे स्थित एक दुकान में हुई। यहां ज्योतिष केंद्र से संबंधित दुकान में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग के दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में दुकान में रखे कई धार्मिक ग्रंथ और पुस्तकें जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं।
नगर निगम के चीफ फायर ऑफिसर राकेश व्यास ने घटनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि दमकल टीमों ने समय रहते कार्रवाई कर आग को फैलने से रोका।
आगजनी की दूसरी घटना नयापुरा नई पुलिया के पास श्रीकृष्ण-अर्जुन की प्रतिमा के नजदीक हुई। यहां कचरे में अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर सब्जी मंडी फायर स्टेशन से दमकल वाहन मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया।
तीसरी घटना रोड नंबर-5 क्षेत्र में सामने आई, जहां स्क्रैप में आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई की। इसके अलावा ट्रेंचिंग ग्राउंड में भी आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल वाहन भेजा गया।
शहर में अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाओं के बाद अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार सक्रिय रहीं। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण किया और उसे आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका। हालांकि, आग लगने के कारणों को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.