जयपुर। शहर में शादियों और बड़े आयोजनों के सीजन के बीच जयपुर एयरपोर्ट पर वीआईपी, उद्योगपतियों और बॉलीवुड सितारों की आवाजाही बढ़ गई है। रविवार को महाराष्ट्र सरकार की मंत्री पंकजा मुंडे धार्मिक यात्रा पर जयपुर पहुंचीं। यहां से वे खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन के लिए रवाना हुईं।
इससे पहले शनिवार देर रात देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अडाणी भी जयपुर पहुंचे। वे रामबाग पैलेस में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। रविवार को उनके चार्टर विमान से मुंबई रवाना होने की जानकारी दी गई। अडाणी के जयपुर पहुंचने के दौरान एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। सुरक्षाकर्मियों ने मीडिया को फोटो और वीडियो लेने से मना किया और मीडियाकर्मियों को अराइवल गेट से दूर कर दिया।
महाराष्ट्र की राजनीति में प्रमुख पहचान रखने वाली पंकजा मुंडे रविवार को जयपुर पहुंचीं। वे धार्मिक यात्रा के उद्देश्य से राजस्थान आई हैं। जयपुर पहुंचने के बाद वे खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन के लिए रवाना हुईं। पंकजा मुंडे महाराष्ट्र के दिवंगत वरिष्ठ भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे की बेटी हैं और भाजपा की प्रमुख महिला नेताओं में शामिल हैं।
शनिवार को जयपुर एयरपोर्ट पर गायक सोनू निगम, अभिनेत्री दीया मिर्जा, संगीतकार एवं गायक शंकर महादेवन और अभिनेता-यूट्यूबर भुवन बाम भी नजर आए। ये सभी अलग-अलग आयोजनों में हिस्सा लेने के लिए जयपुर आए थे। एयरपोर्ट पर सितारों को देखने के लिए प्रशंसकों और मीडिया में उत्सुकता रही।
जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान शंकर महादेवन ने शहर की तारीफ की। उन्होंने कहा कि जयपुर की बात ही अलग है। यहां के लोग म्यूजिकल हैं और उन्हें संगीत की अच्छी समझ है। उनके मुताबिक, जयपुर आना हमेशा खास अनुभव रहता है। यहां इतिहास, रंग और लाजवाब खाना है।
शंकर महादेवन ने कहा कि नवंबर में जयपुर का मौसम बदलने लगता है और काफी खूबसूरत हो जाता है। इस दौरान उन्होंने आने वाले नए साल के लिए भी सभी को शुभकामनाएं दीं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.