Download App Now Register Now

64 विला खरीद मामले में IAS शिखर अग्रवाल सुप्रीम कोर्ट पहुंचे, ACB जांच और गिरफ्तारी पर रोक की मांग

जयपुर। राजस्थान के वरिष्ठ IAS अधिकारी शिखर अग्रवाल ने 64 विला-कॉटेज खरीद मामले में एसीबी जांच और गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। अग्रवाल की ओर से दायर याचिका में एसीबी जांच, गिरफ्तारी और किसी भी तरह की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की गई है। इस मामले में राजस्थान सरकार पहले ही सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दायर कर चुकी है।

फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में याचिका पर सुनवाई की तारीख तय होना बाकी है। हालांकि, इसी सप्ताह सुनवाई होने की संभावना जताई जा रही है। अग्रवाल ने इससे पहले एसीबी जांच के खिलाफ राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन वहां से उन्हें कोई राहत नहीं मिली थी।

गलत तरीके से फंसाने का दिया तर्क

शिखर अग्रवाल की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में उन्हें गलत तरीके से फंसाने का तर्क दिया गया है। हाईकोर्ट में दायर याचिका में जो तर्क पेश किए गए थे, वही तर्क सुप्रीम कोर्ट की याचिका में भी शामिल किए गए हैं।

राजस्थान सरकार ने अग्रवाल की याचिका से पहले ही सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल कर दी है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट इस मामले में कोई भी फैसला देने से पहले राज्य सरकार का पक्ष भी सुनेगा।

हाईकोर्ट से नहीं मिली थी राहत

शिखर अग्रवाल ने 17 नवंबर को अपने खिलाफ एसीबी जांच को राजस्थान हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। 19 नवंबर को याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया था।

हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने के निर्देश दिए थे। मामले में अगली सुनवाई के लिए 18 दिसंबर की तारीख तय की गई थी।

एसीबी की FIR में 64 विला खरीद का खुलासा

एसीबी ने 18 नवंबर को IAS शिखर अग्रवाल सहित गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड (अनंता रिसॉर्ट्स) के मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस मामले में कंपनी के निदेशक मुकुंद शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल और अन्य को भी आरोपी बनाया गया है।

इससे पहले एसीबी ने 31 अक्टूबर को 40 विला-कॉटेज खरीद मामले में शिखर अग्रवाल के खिलाफ प्रारंभिक जांच (PE) दर्ज कर जांच शुरू की थी।

दैनिक भास्कर ने 27 अक्टूबर को खुलासा किया था कि IAS शिखर अग्रवाल, उनकी IPS पत्नी प्रशाखा माथुर, दोनों बेटों और सास-ससुर के नाम पर ढाई साल में एक ही कंपनी से 40 विला-कॉटेज खरीदे गए थे।

दोनों बेटों के नाम 24 विला खरीदने का मामला

जांच में सामने आया कि शिखर अग्रवाल ने जयपुर के अनंता रिसॉर्ट में दोनों बेटों के नाम 15 अक्टूबर को 24 विला खरीदे थे। इनकी कीमत 11-11 लाख रुपए बताई गई, जबकि कंपनी के ब्रोशर में प्रत्येक विला की कीमत 59-59 लाख रुपए दर्ज थी।

इस खुलासे के बाद शिखर अग्रवाल और उनके परिवार की ओर से खरीदे गए विला की संख्या 40 से बढ़कर 64 हो गई।

विदेश से लौटने के बाद ACB को दिया था प्रतिवेदन

शिखर अग्रवाल ने विदेश से लौटने के बाद 16 नवंबर को एसीबी में अपना पक्ष रखते हुए प्रतिवेदन दिया था। इसमें उन्होंने खुद, पत्नी और अन्य परिजनों की संपत्तियों का ब्योरा दिया था।

इस प्रतिवेदन में दोनों बेटों के नाम इसी साल 15 अक्टूबर को जयपुर में खरीदे गए 24 विला का विवरण भी शामिल था।

अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई का इंतजार है। राज्य सरकार की कैविएट के चलते अदालत किसी भी फैसले से पहले सरकार का पक्ष भी सुनेगी।

 

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
कोटा में खड़े ट्रक से टकराई क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत; 8 घायल | उदयपुर में खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, तीन युवक घायल; कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त | सीकर में दुकान से सामान लेने गई 20 वर्षीय युवती लापता, पिता ने युवक पर भगाकर ले जाने का जताया शक | जोधपुर में कल से आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अगले सप्ताह से बढ़ेगी सर्दी; तापमान में भी गिरावट | जयपुर में हॉर्न बजाने पर युवक से मारपीट, बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला; मुक्के मारकर तोड़ा दांत | उत्तर भारत में मौसम का बदला मिजाज: यूपी के 20 जिलों में कोहरा, दिल्ली में AQI 478; राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट | सीकर में सोशल मीडिया फ्रेंड पर 39 वर्षीय महिला से रेप का आरोप, नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़; घर से सामान चोरी करने का भी दावा | जोधपुर में नाबालिग भतीजियों से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर हमला; डंपर से कुचलने की कोशिश, हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत | जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सवा मिनट में हत्या, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार; 7 साल पुरानी रंजिश में मर्डर, सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF की महिला जवानों संग मनाई भाई दूज, तनोट माता मंदिर में किए दर्शन |