पुलिस के अनुसार, वारदात का मुख्य आरोपी राजूसिंह है। उसने अन्य आरोपियों को लालच देकर अपने साथ लूट की वारदात में शामिल किया था। मामले में जयसिंह और जितेंद्र सिंह ने सोलर प्लांट की रेकी की थी। पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार किया है।
करवड़ थाना अधिकारी परमेश्वरी ने बताया कि पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी राजूसिंह शातिर है और उसका पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी और लूट के बाद सामान को अलग-अलग जगहों पर कबाड़ी को बेच देते थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने इस मामले में सबसे पहले महावीर सिंह उर्फ MD (21) पुत्र स्वर्गीय देरावर सिंह निवासी भुरजगढ़, फलसूंड, जिला जैसलमेर को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद 21 नवंबर को राजूसिंह (29) पुत्र गोपाल सिंह निवासी बख्तावरसिंह की ढाणी, कुई इंदा, बालेसर; विक्रम सिंह (20) पुत्र हरिसिंह निवासी राजपूतों का बास, सेतरावा, शेरगढ़; और रावल सिंह उर्फ राहुल (21) पुत्र जगदीश निवासी भार्गव कॉलोनी, तिंवरी, थाना मथानिया को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, 23 नवंबर को जयसिंह (20) पुत्र धुलसिंह निवासी भवाद, थाना करवड़; जितेंद्र सिंह (30) पुत्र उम्मेद सिंह निवासी भवाद; और राधेश्याम (22) पुत्र द्वारकादास वैष्णव निवासी तिबानिया, थाना मंडली, जिला बालोतरा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, वारदात 13 और 14 जून 2026 की दरमियानी रात करीब 3 बजे खारी गांव की देवतों की ढाणी स्थित जैक्सन ग्रीन सोलर प्लांट में हुई थी।
उस समय मुख्य गेट पर सुरक्षा गार्ड अचलाराम निवासी उम्मेद नगर, मथानिया ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की दो सफेद महिंद्रा पिकअप गाड़ियों में करीब 10 से 12 लोग पहुंचे। सभी ने कपड़ों से अपने चेहरे ढक रखे थे।
आरोपियों ने पिकअप से मुख्य गेट में टक्कर मारी और अंदर घुस गए। इसके बाद केबिन में बैठे सुरक्षा गार्ड अचलाराम का मोबाइल फोन फेंक दिया और सरियों व लाठियों से मारपीट की।
आरोपियों ने अचलाराम को घसीटकर पिकअप में डाल लिया और उनसे तांबे के बारे में पूछताछ की। इसके बाद बदमाश उन्हें स्टोर की तरफ ले गए, जहां तैनात दूसरे सुरक्षा गार्ड बाबूसिंह निवासी भवाद के साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।
बदमाशों ने दोनों गार्डों को धमकी दी कि यदि किसी को फोन किया तो जान से मार देंगे। इसके बाद स्टोर से सामान पिकअप में लादकर फरार हो गए।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने सोलर प्लांट से 10 SCB बॉक्स, 70 नग यानी 940 मीटर कॉन्सर्टिना कॉइल, 525 मीटर केबल (4 C 16 SQ MM), हार्डवेयर के 10 बैग, 3 रोबोट बॉक्स, 20 बैटरी और 15 चार्जिंग मॉड्यूल सहित अन्य सामान लूट लिया था।
वारदात के बाद सुपरवाइजर प्रेमाराम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद परिवादी अचलाराम की लिखित रिपोर्ट पर 14 जून 2026 को करवड़ थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान लूटे गए सामान की बरामदगी और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.