गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ मीणा उर्फ टिंकू मीणा (30) निवासी गांव निठार, थाना भुसावर, जिला भरतपुर के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने मूल अभ्यर्थी की जगह डमी कैंडिडेट को परीक्षा में बैठाने में एजेंट की भूमिका निभाई थी।
एडीजी SOG विशाल बंसल के अनुसार, वनरक्षक भर्ती परीक्षा-2022 में गड़बड़ी को लेकर SOG थाने में 26 सितंबर 2025 को मामला दर्ज किया गया था।
जांच में सामने आया कि मूल अभ्यर्थी भारत मीणा (28) निवासी निठार, भरतपुर की जगह डमी अभ्यर्थी दिनेश कुमार विश्नोई (29) निवासी सांचौर, जालोर ने परीक्षा दी थी। दिनेश कुमार को इस मामले में 24 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में सामने आया कि सौरभ मीणा उर्फ टिंकू ने डमी अभ्यर्थी दिनेश कुमार विश्नोई को जयपुर के जगतपुरा से अपनी प्राइवेट टैक्सी में बैठाया था। इसके बाद वह उसे परीक्षा दिलाने के लिए भरतपुर लेकर गया।
आरोप है कि भरतपुर में दिनेश कुमार को मूल अभ्यर्थी भारत मीणा की जगह वनरक्षक भर्ती परीक्षा-2022 में बैठाया गया था।
जांच के मुताबिक, सौरभ मीणा और मूल अभ्यर्थी भारत मीणा एक ही परिवार से हैं। वहीं, सौरभ डमी अभ्यर्थी दिनेश कुमार विश्नोई के भी लगातार संपर्क में था।
SOG की टीम आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। आईजी अजयपाल लांबा ने बताया कि जांच अधिकारी एडिशनल एसपी सुभाष गादोड़ा की टीम ने 23 नवंबर को सौरभ मीणा को गिरफ्तार किया।
आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का पीसी रिमांड प्राप्त कर लिया है।
SOG की ओर से आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाने के नेटवर्क और इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के इस मामले में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.