जयपुर। राजस्थान में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। माउंट आबू में तापमान गिरने के साथ गुरुवार सुबह कई इलाकों में गाड़ियों और फसलों पर ओस जमी नजर आई। कोहरे के कारण लोगों को परेशानी हुई। वहीं, शेखावाटी, बीकानेर संभाग और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में सुबह-शाम सर्द हवाओं का असर रहा। रेगिस्तानी जिलों में दिन के समय तेज धूप से गर्मी महसूस हो रही है।
हिल स्टेशन माउंट आबू में दो दिन रात का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के बाद बुधवार रात फिर गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार सुबह कई जगह ओस जमी दिखी। आने वाले दिनों में तापमान और गिरने की आशंका जताई गई है।
बुधवार को शेखावाटी के साथ बीकानेर संभाग और पूर्वी राजस्थान के भरतपुर व जयपुर संभाग के इलाकों में सर्द हवाओं का असर रहा। फतेहपुर (सीकर) में लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। यहां पारा 4.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि नागौर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। सुबह और शाम ठंड तेज रहेगी, जबकि दिन में धूप निकलने से राहत मिलेगी।
जयपुर: न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री और अधिकतम 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हल्की से मध्यम ठंडी हवा के कारण रात में सर्दी बढ़ी।
कोटा: न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
अजमेर: अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री और न्यूनतम 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह हल्की धुंध और ठंड का असर दिखा।
सीकर: अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री और न्यूनतम 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पिछले छह दिनों से यहां ठंड बढ़ी हुई है।
अलवर: दिन का तापमान 26 से 27 डिग्री के आसपास और रात का न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस रहा।
उदयपुर: न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री और अधिकतम 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रात के तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट आई।
जोधपुर: रात का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हल्की ठंडी हवा के कारण सर्दी का असर बढ़ा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.