जस्टिस अनूप ढंढ की अदालत ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की स्टे वैकेशन एप्लीकेशन और संजय आसिया की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिए। अदालत ने याचिकाकर्ता को भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने के आदेश भी दिए हैं। हालांकि, उसका परिणाम सीलबंद लिफाफे में रखा जाएगा।
आरपीएससी ने 18 सितंबर 2025 को अंग्रेजी सहित कुल 30 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। याचिकाकर्ता ने अंग्रेजी विषय के लिए आवेदन किया था। परीक्षा के बाद जारी मॉडल आंसर-की पर उन्होंने नियमानुसार आपत्तियां दर्ज कराईं।
याचिकाकर्ता के अनुसार, सामान्य ज्ञान के 15 और अंग्रेजी विषय के 7 प्रश्नों के उत्तरों पर आपत्तियां थीं। उनका आरोप था कि आरपीएससी ने आपत्तियों का निस्तारण किए बिना और फाइनल आंसर-की जारी किए बिना ही इंटरव्यू शुरू कर दिए। इस पर हाईकोर्ट ने अंतिम परिणाम जारी करने पर रोक लगाते हुए आयोग और राज्य सरकार से जवाब मांगा था।
आरपीएससी की ओर से पैरवी करते हुए एडवोकेट मिर्जा फैज़ल बेग ने कहा कि जिन भर्तियों में लिखित परीक्षा के बाद इंटरव्यू होता है, उनमें फाइनल आंसर-की अंतिम परिणाम के साथ जारी की जाती है। लिखित परीक्षा के बाद ही फाइनल आंसर-की जारी करने से भर्ती की पारदर्शिता पर सवाल उठ सकते हैं।
आरपीएससी की ओर से यह भी कहा गया कि अंतिम परिणाम जारी नहीं हो पाने के कारण सरकार कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्तियां नहीं कर पा रही है।
हाईकोर्ट ने भर्ती परिणाम जारी करने पर लगी रोक हटा दी है, लेकिन स्पष्ट किया कि पूरी भर्ती याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी। याचिकाकर्ता का परिणाम सीलबंद लिफाफे में रखा जाएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.