राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां 12 वर्षीय बच्ची द्वारा रची गई झूठी किडनैपिंग की कहानी ने पुलिस को कई घंटों तक उलझाए रखा। शुक्रवार को कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक बच्ची कथित अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भागकर एक कॉलोनी में पहुंची है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची से पूछताछ शुरू की।
बच्ची ने पुलिस को बताया कि घर के पास एक खाली प्लॉट में मौजूद तीन युवकों ने उसे लड्डू खिलाया, जिसके बाद उसे चक्कर आने लगे और उसे एक ट्रक में बैठाकर ले जाया गया। बच्ची ने दावा किया कि ट्रक में पहले से दो अन्य बच्चियां भी मौजूद थीं और मौका मिलते ही वह वहां से कूदकर भाग निकली।
बच्ची के बयान के बाद पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बच्ची द्वारा बताए गए रूट और आसपास के इलाकों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कहीं भी संदिग्ध ट्रक या युवक दिखाई नहीं दिए। बाद में घर और गली के बाहर लगे कैमरों की जांच करने पर बच्ची अकेले घर से निकलती नजर आई।
पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ किए जाने पर बच्ची ने पूरी सच्चाई कबूल कर ली। उसने बताया कि पड़ोसन ने उसे 10 रुपये की चायपत्ती लाने भेजा था, लेकिन वह गलती से 90 रुपये की चायपत्ती खरीद लाई। इस बात पर पहले पड़ोसन और फिर उसकी मां ने डांट दिया, जिससे नाराज होकर वह घर से निकल गई। रास्ता भटकने के बाद घर लौटने के लिए उसने मोबाइल और टीवी सीरियल देखकर सीखी गई अपहरण की कहानी बना दी।
यह मामला सामने आने के बाद पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों पर ध्यान देने और उन्हें सही मार्गदर्शन देने की अपील की है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.