करौली जिला पुलिस और वन विभाग ने चम्बल नदी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन, भंडारण और तस्करी के खिलाफ बड़े स्तर पर संयुक्त अभियान चलाते हुए बजरी माफियाओं के नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नेशनल चम्बल सेंचुरी क्षेत्र में अवैध खनन रोकने और दुर्लभ जलीय जीवों के संरक्षण के लिए जारी आदेशों की पालना में यह कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में पहले 6 अप्रैल से 20 अप्रैल तक शुरू किया गया विशेष अभियान लगातार बढ़ाया गया और अब इसे 4 जून 2026 तक विस्तारित कर दिया गया है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था वी.के. सिंह के अनुसार अभियान के तहत थाना मण्डरायल क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। मण्डरायल थानाधिकारी रामचन्द्र रावत, 14वीं बटालियन आरएसी, वन विभाग, खनिज विभाग और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम ईमरतापुरा में दबिश देकर बजरी माफियाओं द्वारा छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में अवैध बजरी स्टॉक को पूरी तरह नष्ट कर दिया।
इसके अलावा 22 मई को मण्डरायल थानाधिकारी और वन विभाग के एसीएफ कैलादेवी हरिसिंह हाडा के नेतृत्व में नयागांव के जंगलों में भारी मात्रा में मिले अवैध बजरी स्टॉकों पर जेसीबी मशीनों की सहायता से कार्रवाई जारी रही। पुलिस और वन विभाग ने कई स्थानों पर स्टॉक को जमींदोज कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई की।
चम्बल के बीहड़ों और संवेदनशील घाटों पर लगातार सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है। खाण्डेपुरा, धांस घाट, पांचौली घाट, रांचौली घाट, रहु घाट, राजघाट, नयागांव घाट, मोगेपुरा घाट और खिरकन घाट सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और आरएसी की टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। 19 और 20 मई की मध्यरात्रि को वृत्ताधिकारी अनुज शुभम के नेतृत्व में सभी संवेदनशील घाटों पर एक साथ औचक छापेमारी की गई।
अंतरराज्यीय और अंतरजिला बजरी तस्करी पर रोक लगाने के लिए राजस्थान पुलिस और मध्य प्रदेश पुलिस के बीच भी समन्वय बढ़ाया गया है। मण्डरायल थानाधिकारी रामचंद्र रावत ने मध्यप्रदेश के सबलगढ़ थाना पुलिस के साथ रणनीतिक बैठक कर संयुक्त अभियान चलाया, जिसके बाद राजस्थान पुलिस, मध्यप्रदेश पुलिस, आरएसी और चम्बल घड़ियाल वन टीम ने ईमरतापुरा घाट पर संयुक्त कॉम्बिंग अभियान चलाया।
इसके अलावा पुलिस ने बजरी माफियाओं की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादा कपड़ों में पुलिसकर्मियों और विशेष मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया है। करणपुर थाना क्षेत्र के गोटा घाट और कैमोखरी घाट पर भी आरएसी और पुलिस बल की लगातार गश्त जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की पालना में चम्बल अभ्यारण्य क्षेत्र में संयुक्त गश्त, निगरानी और अवैध बजरी स्टॉक को नष्ट करने की कार्रवाई 4 जून तक लगातार जारी रहेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.