भरतपुर जिले के सेवर थाना क्षेत्र के गांव सुखावली के पास सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार हिंडौन के हारेता गांव का एक ही परिवार गिरिराज महाराज की परिक्रमा कर कार से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे मोरा से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन देखा तो तुरंत मदद के लिए आगे आए। लोगों ने कार के शीशे तोड़कर अंदर फंसे सभी सात लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को आरबीएम अस्पताल भिजवाया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायलों में चार लोगों की हालत सामान्य है जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन पर डॉक्टरों की विशेष निगरानी जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी बीच भरतपुर से एक और दुखद खबर सामने आई है, जहां जनूथर के निकटवर्ती गांव दांतलौठी में कुछ दिन पहले खौलते दूध के भगोने में गिरकर गंभीर रूप से झुलसे चार वर्षीय मासूम गर्व उर्फ गौतम फौजदार की जयपुर एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्चा लगभग एक पखवाड़े से जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम पसर गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.