जैसलमेर जिले में सोमवार को दो अलग-अलग दर्दनाक हादसे सामने आए, जिनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला हादसा भादरिया लाठी रेलवे स्टेशन पर हुआ, जहां लालगढ़-जैसलमेर एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान एक युवक का पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच खाली जगह में जा गिरा। घटना के समय नागौर जिले के मूंडवा तहसील के ईनाणा गांव निवासी कैलाश पुत्र मदाराम इनाणिया पानी की बोतल भरने के लिए ट्रेन से नीचे उतरा था।
पानी भरकर लौटते समय जैसे ही ट्रेन का ठहराव समाप्त हुआ और ट्रेन चलने लगी, वह जल्दबाजी में फिर से चढ़ने लगा, लेकिन पैर फिसलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच से बाहर निकाला गया। घायल को तुरंत 108 एंबुलेंस से लाठी के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पोकरण रेफर कर दिया।
दूसरी घटना रामदेवरा-फलोदी मार्ग पर रामदेवरा टोल के आगे पुलिया के पास हुई। यहां जोधपुर जिले के मथानिया क्षेत्र से तीन लोग कार में सवार होकर रामदेवरा की ओर जा रहे थे। तभी अचानक सड़क पर एक नीलगाय आ गई। चालक ने उसे बचाने के प्रयास में तेज मोड़ लिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि जेठाराम पुत्र गोबरराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बबलू पुत्र सोहनराम और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के ईएमटी अक्षय और पायलट भवानी सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को पोकरण जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जेठाराम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसों के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.