राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने आगामी दो सप्ताह का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 12 और 13 जून को राज्य के पांच संभागों – बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और जोधपुर – में तेज अंधड़ और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है।
श्रीगंगानर जिले में गुरुवार शाम को तेज हवा और बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, नया मौसमी तंत्र सक्रिय होने के कारण 12-13 जून को इन संभागों के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश और आंधी-बारिश की गतिविधियां 14 से 16 जून तक रुक-रुक कर जारी रहेंगी।
प्रथम सप्ताह (12 से 18 जून) में पश्चिमी राजस्थान में बारिश सामान्य से अधिक होने की उम्मीद है, जबकि पूर्वी राजस्थान में सामान्य से कम। दूसरे सप्ताह (19 से 25 जून) में राज्य में बारिश की गतिविधियां सुस्त पड़ जाएंगी और पूरे प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है।
आंधी-बारिश के असर से अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री तक की गिरावट होने की संभावना है। हालांकि अधिकांश क्षेत्रों में पारा 40 से 43 डिग्री तक रहने और उमस भरी गर्मी का दौर जारी रहने का अनुमान है।
श्रीगंगानगर जिले में मौसम में बदलाव हुआ। दोपहर बाद धूलभरी आंधी और गर्म हवाओं के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। शाम करीब पांच बजे घड़साना क्षेत्र में तेज तूफानी हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी बहा और वातावरण ठंडा हुआ। लाधूवाला सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बूंदाबांदी के साथ चने के आकार के ओले गिरे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.