राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक बार फिर कथित कच्छा-बनियान गिरोह की गतिविधियों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। सांगानेर क्षेत्र के सूर्या नगर इलाके से सामने आए एक सीसीटीवी वीडियो ने स्थानीय निवासियों की नींद उड़ा दी है। वीडियो में कुछ संदिग्ध व्यक्ति देर रात कॉलोनी में घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि ये लोग कच्छा-बनियान गिरोह से जुड़े हो सकते हैं, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर लोग पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड होने के बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2023 में भी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र के गोकुलपुरा इलाके में इसी तरह की घटनाओं ने लोगों को परेशान किया था। उस समय भी संदिग्ध लोग सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए थे और कॉलोनियों में भय का माहौल बन गया था। कई इलाकों में लोगों ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए रातभर पहरा देना शुरू कर दिया था। युवाओं की टीमें बनाकर कॉलोनियों की निगरानी की जाती थी, लेकिन उस दौरान भी पुलिस किसी ठोस गिरफ्तारी तक नहीं पहुंच सकी थी।
अब लगभग तीन साल बाद सांगानेर के सूर्या नगर क्षेत्र में फिर ऐसे ही संदिग्ध लोगों की मौजूदगी की चर्चा होने लगी है। स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि गिरोह फिर से सक्रिय हो सकता है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से यह पुष्टि नहीं की गई है कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोग किसी विशेष गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
पिछले वर्षों में सामने आए मामलों के अनुसार कच्छा-बनियान गिरोह पर आरोप रहा है कि उसके सदस्य पहले दिन के समय सूने मकानों और कॉलोनियों की रेकी करते हैं तथा देर रात वारदात को अंजाम देने की कोशिश करते हैं। गिरोह के सदस्य अक्सर चेहरा ढककर और असामान्य पहनावे में घूमते हैं, जिससे उनकी पहचान करना कठिन हो जाता है। कई मामलों में विरोध करने पर लोगों पर हमला करने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है। वहीं पुलिस क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और वायरल वीडियो की जांच करने में जुटी हुई है। लोगों को भी सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी गई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.